भारत विकास परिषद आयोजित करेगी “भारत को जानो” प्रतियोगिता
तीन सौ विद्यालयों के लगभग 50 हजार छात्र-छात्राएं करेंगे प्रतिभाग
सितारगंज। भारत विकास परिषद द्वारा “भारत को जानो” प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिसके लिए परिषद द्वारा पुरजोर तरीके से तैयारी की जा रही है। प्रतियोगिता में तीन सौ विद्यालयों के लगभग 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता चार चरणों में आयोजित की जाएगी।
महाराजा अग्रसेन ट्रस्ट परिसर में जानकारी देते हुए भारत विकास परिषद उत्तराखंड पूर्व के अध्यक्ष आरके गुप्ता ने कहा कि, भारत विकास परिषद द्वारा “भारत को जानो” लिखित परीक्षा प्रतियोगिता पूरे प्रांत में एक साथ, 25 अगस्त को आयोजित की जाएगी। जिसमें उत्तराखंड पूर्व प्रांत से रुद्रपुर, खटीमा, सितारगंज, लाल कुआं, काठगोदाम, पंतनगर, नैनीताल, काशीपुर, हल्द्वानी, नानकमत्ता, रामनगर, शक्तिफार्म, टनकपुर, बाजपुर, बागेश्वर एवं केलाखेड़ा के कुल, 21 शाखाओं के लगभग 300 विद्यालय से अनुमानित 50 हजार से अधिक, छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने कहा की परीक्षा का मुख्य उद्देश्य, विद्यार्थियों में भारतीय मूल्य, भारतीय संस्कारों, भारतीय आस्थाओं तथा भारत की गौरव गाथा के प्रति गौरवपूर्ण भावना का सृजन करना है। प्रांतीय प्रकल्प संयोजक “भारत को जानो” नीरज खन्ना ने बताया कि “भारत को जानो” प्रतियोगिता तीन स्तरों पर आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष परिषद द्वारा हिंदी व अंग्रेजी में अलग-अलग प्रकाशित “भारत को जानो” पुस्तक की लगभग 3 लाख से भी अधिक प्रतियां वितरित की जाती हैं एवं 15 लाख से अधिक विद्यार्थी, इस प्रतियोगिता में भाग लेते हैं। प्रतियोगिता के लिए प्रांतीय अधिकारियों द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही हैं। इस मौके पर प्रांतीय महासचिव नरेश कंसल, मीडिया प्रभारी महेश मित्तल, शाखा अध्यक्ष सुरेश जैन, अमित गोयल, मनीष मित्तल आदि मौजूद थे।


