नगर निगम में शुरू हुई श्रम कार्ड बनाने की सुविधा

Spread the love

– उत्तराखंड में इस सुविधा को शुरू करने वाला रूद्रपुर पहला नगर निगम बना

रूद्रपुर। नगर निगम रूद्रपुर में अब श्रमिकों के लिए एक और बड़ी सुविधा शुरू हो गई है। महापौर विकास शर्मा ने उर्मिला देवी को पहला श्रम कार्ड सौंपकर इस नई सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। इस सुविधा के साथ रूद्रपुर नगर निगम उत्तराखंड का पहला नगर निगम बन गया है, जिसने अपने स्तर पर श्रम कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू की है।

महापौर ने बताया कि अब तक श्रमिकों को श्रम कार्ड बनवाने के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन नगर निगम में यह सुविधा शुरू होने से उन्हें राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि श्रम कार्ड केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके माध्यम से श्रमिकों को बच्चों की शिक्षा, बेटियों की शादी और अन्य सामाजिक जरूरतों के लिए पचास हजार रुपये तक की सहायता दी जाती है। इसके अलावा स्वरोजगार योजनाओं और अन्य कल्याणकारी योजनाओं में भी इस कार्ड का उपयोग लाभदायक सिद्ध होता है।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम अब केवल सड़कों, नालियों और सफाई कार्यों तक सीमित नहीं रहेगा। निगम के माध्यम से नागरिकों को सामाजिक कल्याण और जनसेवा से जुड़ी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि निगम परिसर में पहले से ही आधार कार्ड बनाने और संशोधन की सुविधा दी जा रही है, और अब श्रम कार्ड सेवा भी उसी कड़ी का हिस्सा है।

महापौर ने कहा कि नगर निगम के सभी जोनल कार्यालयों में भी जल्द ही सभी सेवाओं को शुरू करने की तैयारी चल रही है, ताकि नागरिकों को अपने वार्ड स्तर पर ही सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता है और पिछले नौ महीनों में नगर निगम ने विकास के कई नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में रूद्रपुर नगर निगम जनकल्याणकारी कार्यों को धरातल पर उतारने में लगातार जुटा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शहरवासियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निगम की टीम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!