पुलिस एवं जेल प्रशासन सघन चेकिंग में जुटे, ड्रोन के द्वारा जंगलों में की जा रही है खोजबीन

सितारगंज। सितारगंज के संपूर्णानंद शिविर जेल में आजीवन कारावास की सजा भुगत रहे 55 वर्षीय सजायाफ्ता खेतों में काम करने के दौरान बंदी रक्षों को चकमा देकर फरार हो गया। तत्काल इसकी सूचना आला अधिकारियों को देकर, जेल एवं पुलिस प्रशासन सघन चेकिंग अभियान में जुटे हुए हैं। ड्रोन कैमरे के माध्यम से आसपास के जंगलों में भी खोजबीन की जा रही है।
हत्या के एक मुकदमे में आजीवन कारावास भुगत रहे जरनैल सिंह पुत्र बंजारा सिंह निवासी बिचई थाना नानकमत्ता उधम सिंह नगर गत लगभग डेढ़ वर्ष से सितारगंज स्थित संपूर्णानंद शिविर जेल में बंदी है।गुरुवार की सुबह अपनी टुकड़ी के साथ जरनैल सिंह भी खेतो में काम करने गया। जरनैल सिंह काम करते समय, सुरक्षा में तैनात बंदीरक्षकों को चकमा देकर फरार हो गया। जेल अधीक्षक अनुराग मालिक ने जानकारी दी है कि अभियुक्त ने, सफेद कुर्ता पायजामा व सर में सफेद काली चेकदार पगड़ी पहनी है।इधर बंदी के फरार होने पर तत्काल सम्पूर्ण सितारगंज क्षेत्र में जेल एवं पुलिस प्रशासन द्वारा, सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया। क्षेत्र के सभी बॉर्डर को सील करते हुए चेकिंग की जा रही है। इसके साथ ही निकटवर्ती बॉर्डर व थानों के साथ-साथ कंट्रोल रूम को इस सूचना से अवगत कराया गया है। संपूर्णानंद शिविर जेल के चारों ओर जंगल क्षेत्र है, जेल प्रशासन द्वारा फरार कैदी की सूचना एवं उसकी फोटो वन विभाग के सभी रेंज किशनपुर, बाराकोली, रंसाली के वन क्षेत्राधिकारीयो व अन्य कर्मियों को मुहैया करा दी गई है। संपूर्णानंद शिविर जेल के आसपास स्थित जंगलों में पुलिस एवं जेल प्रशासन द्वारा ड्रोन कैमरे के द्वारा फरार कैदी की खोजबीन की जा रही है।


